मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। ऐंती पर्वत स्थित प्राचीन शनिधाम मंदिर में शनिचरी अमावस्या के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से आस्था का विशाल संगम देखने को मिला। मध्यरात्रि 12 बजे कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने भगवान शनिदेव का विधि-विधान से तेलाभिषेक किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से पहुंचे भक्तों ने शनिदेव के दर्शन कर सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। शनि अमावस्या के साथ पितृ अमावस्या का संयोग होने से धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व रहा।


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए। मेले में दो पालियों में करीब 600 पुलिसकर्मी और 700 राजस्व कर्मचारी तैनात रहे। पूरे मेला क्षेत्र को सात सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्नानागार और दर्शन मार्ग, पेयजल, अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस, चिकित्सकों तथा अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की गई। बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने भी सहयोग किया। मेले में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं, पुलिसकर्मियों और व्यवस्थाओं में जुटे कर्मचारियों ने प्रसादी ग्रहण की। सिरसा की ओर से भंडारा आयोजन की परंपरा के तहत 51वें विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। आस्था, सेवा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच शनिधाम ऐंती में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी रही।