भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के पंजीकृत शासकीय ठेकेदारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन मध्य प्रदेश 13 अक्टूबर 2026 को भोपाल में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने जा रही है। एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रियंक जैन ने प्रदेश भर के ठेकेदारों से इस धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
धरना स्थान निर्माण भवन, अरेरा हिल्स, भोपाल में प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। प्रियंक जैन ने कहा कि प्रदेश के ठेकेदार सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के माध्यम से मध्य प्रदेश के विकास में अहम योगदान देते हैं। लेकिन वर्तमान में बढ़ती निर्माण सामग्री की कीमतों, अव्यावहारिक निविदा शर्तों, मशीनरी के स्वामित्व की अनिवार्यता और समय पर भुगतान न होने के कारण ठेकेदार गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि डामर, डीजल, कॉपर, एल्युमीनियम और अन्य निर्माण सामग्रियों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसी स्थिति में पुरानी दरों पर निर्माण कार्य करना ठेकेदारों के लिए बेहद मुश्किल होता जा रहा है। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करना भी चुनौतीपूर्ण बन गया है।
प्रियंक जैन ने शासन से प्रमुख मांगे रखते हुए कहा कि निविदाओं में लगाई जा रही अनावश्यक एवं अव्यावहारिक शर्तों को समाप्त किया जाए। साथ ही मशीनरी के स्वामित्व की अनिवार्यता हटाकर ठेकेदारों को आवश्यक मशीनरी खरीदने अथवा किराये पर लेने की स्वतंत्रता दी जाए।
एसोसिएशन का कहना है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने से न केवल ठेकेदारों का आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि प्रदेश के विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हो रही है। प्रियंक जैन ने सभी संबंधित विभागों से इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और ठेकेदारों के हित में उचित निर्णय लेने की अपील की है।













