कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने डीजल निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटने पर आभार व्यक्त करते हुए जपोरिजिया में आवासीय भवनों पर पांच ग्लाइड बम गिराए। जेलेंस्की ने कहा कि रूस को पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से कमाई का मौका देना शांति की दिशा में सही कदम नहीं है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस के डीजल निर्यात पर लगी पाबंदियों में अमेरिकी ढील के जवाब में जपोरिजिया की रिहायशी इमारतों पर पांच ग्लाइड बम गिराए। फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार, इस हमले में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। मैं सभी मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि इस हमले में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर है। डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा, 12 अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिनके मलबे में फंसे होने की आशंका है। जेलेंस्की ने बताया कि मौके पर सभी आपातकालीन सेवाएं मौजूद हैं और खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। बीती रात यूक्रेन के 13 क्षेत्रों पर हमले किए गए। इन हमलों में रिहायशी इमारतों, बुनियादी ढांचे और रेलवे नेटवर्क को नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि यह रात एक बार फिर साबित करती है कि रूस किसी भी तरह के दबाव में ढील को इस संकेत के रूप में लेता है कि वह युद्ध जारी रख सकता है और यूक्रेन के शहरों पर बमबारी कर सकता है।
उन्होंने कहा कि हमें अलग तरह के संकेत देने की जरूरत है। रूस को यह समझना होगा कि इस युद्ध को खत्म करना जरूरी है और इसके लिए उसे अपनी कीमत चुकानी होगी तथा नुकसान महसूस करना होगा। फिलहाल हमारी लंबी दूरी तक मार करने की सैन्य क्षमता यही सुनिश्चित कर रही है। रूस के हमलों का जवाब भी दिया जाएगा। हमारी मदद करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।











