मुंबई। कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर गणेश आचार्य ने अपकमिंग फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' के गाने 'बम बम' को भगवान शिव की नगरी काशी में लॉन्च किया। वाराणसी के मशहूर नमो घाट पर गाने को लॉन्च किया गया। छठ पूजा के खास मौके पर हुए इस कार्यक्रम में भक्ति का रंग देखने को मिला। गणेश आचार्य के लिए यह मौका इसलिए भी खास रहा, क्योंकि इस गाने के जरिए वह एक बार फिर काशी से अपने पुराने जुड़ाव को याद कर पाए।जी म्यूजिक की ओर से पेश किए गए इस गाने में जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाजें दी हैं। गाने को जुनैद कुमार ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल खुद गणेश आचार्य ने लिखे हैं। 'बम बम' में भगवान शिव के प्रति भक्ति को जोश से भरे म्यूजिक और आज के दौर के साउंड के साथ पेश किया गया है।
काशी में गाना लॉन्च करने के अनुभव पर गणेश आचार्य ने कहा, ''भगवान शिव की पवित्र नगरी काशी आकर छठ पूजा के शुभ मौके पर अपनी फिल्म का सबसे बड़ा गाना शिवजी को समर्पित करना मेरे लिए इससे खास बात और क्या हो सकती है। 'बम बम' सिर्फ एक गाना नहीं है, बल्कि हमारी भक्ति और मेरे परिवार की आस्था की अभिव्यक्ति है। वाराणसी हमेशा से मेरे करियर का खास हिस्सा रहा है।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैंने सबसे पहले यहां अभिषेक बच्चन की फिल्म 'बस इतना सा ख्वाब है' के गाने 'रामजी' की शूटिंग की थी। इसके बाद रणबीर कपूर की 'ब्रह्मास्त्र' समेत कई प्रोजेक्ट्स के लिए वापस आया। महादेव को समर्पित गाने के साथ काशी लौटना इस पल को मेरे लिए और भी खास बना देता है।''
'बम बम' गणेश आचार्य की आने वाली फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का हिस्सा है। यह फिल्म संगीत, डांस और सिनेमा के जरिए गणेश आचार्य के सफर को दिखाएगी। फिल्म का ट्रेलर पहले ही बॉलीवुड के कई सितारों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इनमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, कृति सेनन, वरुण धवन और टाइगर श्रॉफ जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में गणेश आचार्य के लंबे सफर और उनके योगदान को सराहा।
'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' को वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट पेश कर रहा है, जबकि फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं। फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है। इसकी पटकथा और डायलॉग्स दिगांगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने मिलकर लिखे हैं। यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
















