मुंबई। एक्टर गुरमीत चौधरी जल्द ही फिल्म 'तुम मेरे हो' में नजर आने वाले हैं। यह एक रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म है, जिसमें प्यार से भरे आठ गाने मौजूद हैं। फिल्म के तीन गानों को पहले ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अभिनेता का कहना है कि बॉलीवुड में रोमांस और म्यूजिक का जादू कभी खत्म नहीं होता। फिल्मों में भले ही समय के साथ कहानियां और उनका अंदाज बदलता रहे, लेकिन प्यार की कहानियां और दिल को छू लेने वाले गाने हमेशा दर्शकों को पसंद आते हैं।
गुरमीत चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, '''तुम मेरे हो' को काफी प्यार के साथ बनाया गया है। इसमें रोमांस, म्यूजिक और एक खूबसूरत लव स्टोरी देखने को मिलेगी। फिल्म में कुल आठ गाने हैं, जिन्हें बेहतरीन म्यूजिक कंपोजर्स और सिंगर्स ने तैयार किया है। तीन गाने पहले ही हिट हो चुके हैं और लोगों को पसंद आ रहे हैं।"
गुरमीत ने कहा, ''प्यार की कहानियों की अपनी अलग जगह होती है। एक अच्छी लव स्टोरी हमेशा लोगों के दिलों से जुड़ती है और इसका असर लंबे समय तक बना रहता है। 'तुम मेरे हो' सिर्फ रोमांस पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें म्यूजिक भी कहानी का अहम हिस्सा है।''
बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों की लोकप्रियता पर बात करते हुए गुरमीत ने कहा, ''पिछले कुछ सालों में कई इंटेंस कहानियों वाली फिल्में आई हैं और दर्शकों ने उन्हें पसंद भी किया है। हालांकि, अच्छी कहानियों और यादगार गानों वाली रोमांटिक फिल्मों का अपना अलग क्रेज बना हुआ है। 'आशिकी', 'आशिकी 2' और 'सैयारा' जैसी फिल्मों में म्यूजिक और रोमांस का मेल दर्शकों को हमेशा आकर्षित करता है।''
गुरमीत ने कहा, ''अच्छी धुनें और प्यार से जुड़ी कहानियां लोगों के साथ आसानी से जुड़ जाती हैं। यही वजह है कि रोमांटिक फिल्मों के गाने लंबे समय तक लोगों की जुबान पर रहते हैं और फिल्म की पहचान बन जाते हैं।''
गुरमीत ने कहा, ''भारतीय संस्कृति में म्यूजिक की अहम जगह है। हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में भी संगीत किसी न किसी रूप में शामिल रहता है। घर में सुबह उठने से लेकर डांट खाने तक, हर मौके पर गाने याद आ जाते हैं। ऐसे में अगर किसी फिल्म में अच्छे गाने हों, तो दर्शकों के सिनेमाघरों तक पहुंचने की संभावना भी बढ़ जाती है।''
गुरमीत ने कहा कि 'तुम मेरे हो' में दर्शकों को अच्छा म्यूजिक, रोमांस और एक प्यारी सी कहानी देखने को मिलेगी।
फिल्म में गुरमीत के साथ ईशा मालवीय भी नजर आएंगी। इस फिल्म से ईशा बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। आशीष पांडा के डायरेक्शन में बनी यह म्यूजिकल फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

















