मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर 19 वर्षीय एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से महज कुछ घंटे पहले युवती ने अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह बिलखते हुए अपनी आपबीती सुनाकर मदद की गुहार लगाती नजर आई। इस वीडियो में युवती ने गांव के ही इकबाल शेख और उसकी पत्नी पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, ढाई लाख रुपये वसूलने और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरगाह का प्रसाद बताकर खिलाया नशीला पदार्थ, वीडियो बनाकर वसूले ढाई लाख रुपये
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम मंदसौर के वायडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धारियाखेड़ी का है। युवती ने अपने अंतिम वीडियो बयान में बताया कि आरोपी इकबाल शेख उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था, जहां इकबाल की पत्नी ने 'दरगाह का प्रसाद' बताकर उसे कोई पदार्थ खिलाया। इसके बाद आरोपी इकबाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के अश्लील वीडियो बना लिए। युवती का आरोप है कि इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का भय दिखाकर आरोपी दंपती ने उससे करीब ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बावजूद आरोपियों की लालच कम नहीं हुई और वे लगातार और पैसों की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिए और शिकायत करने पर युवती के पिता तथा भाई को जान से मारने की धमकी भी दी।
ये भी पढ़ें




उपचार के दौरान युवती ने तोड़ा दम, मृत्युपूर्व बयान हुए दर्ज
आरोपियों की निरंतर प्रताड़ना, सामाजिक बदनामी के डर और परिवार को मिल रही धमकियों से टूट चुकी युवती ने मंगलवार दोपहर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की मौजूदगी में पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार रात उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार और गांव में शोक व आक्रोश का माहौल है।
आरोपी पति-पत्नी पुलिस रिमांड पर, आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा भी जुड़ेगी
युवती के मृत्युपूर्व बयान और वायरल वीडियो के आधार पर वायडी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इकबाल (पिता रशीद शेख) और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर युवती के बयानों के आधार पर दुष्कर्म, धमकी, जबरन वसूली और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था, लेकिन अब युवती की मृत्यु के उपरांत मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने (आत्महत्या दुष्प्रेरण) की धारा भी जोड़ी जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, वसूली गई रकम और वायरल वीडियो के स्रोतों की बारीकी से जांच कर रही है।














