इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्थ तोड़ा इलाके में महज टीवी की तेज आवाज कम करने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गया। पड़ोसी द्वारा तेज आवाज में टीवी बजाने का विरोध करने पर आरोपी ने लकवाग्रस्त व्यक्ति को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लकवाग्रस्त थे संदीप, घर पर ही रहकर करते थे आराम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नॉर्थ तोड़ा निवासी 45 वर्षीय संदीप लंबे समय से पैरालिसिस (लकवा) की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और शारीरिक अक्षमता के कारण अधिकतर समय घर पर ही रहते थे। उनके परिवार में दो बच्चे हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि संदीप के पड़ोस में रहने वाले अनिल वर्मा के घर पर काफी तेज आवाज में टीवी बज रहा था, जिससे संदीप को परेशानी हो रही थी।
ये भी पढ़ें




आवाज कम करने की बात पर भड़का पड़ोसी, धक्का देते ही गई जान
तेज शोर से परेशान होकर संदीप ने पड़ोसी अनिल वर्मा से टीवी की आवाज थोड़ी कम करने का आग्रह किया। इसी साधारण सी बात को लेकर अनिल वर्मा भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल वर्मा ने आक्रोश में आकर शारीरिक रूप से अक्षम संदीप को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से संदीप संभल नहीं पाए और गिरने के बाद उनकी मौत हो गई। इस अप्रत्याशित घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी अनिल वर्मा के विरुद्ध हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।














