मुरैना, देवेन्द्र सिंह यादव। चिन्नौनी थाना क्षेत्र के कर्जोनी घाट पर रविवार को चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र गहरे पानी में डूब गए। दोनों परिवार के साथ बाबू महाराज के दर्शन के लिए आए थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे की तलाश के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर के बिरला नगर निवासी 46 वर्षीय देवेंद्र सिकरवार और उनका 15 वर्षीय पुत्र वंशु सिकरवार परिवार के साथ कर्जोनी घाट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। SDRF के जवान मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में पिता-पुत्र की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल दोनों लापता हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।




