धार /गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। धार जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बख्तला (जमरापुरा) में तेंदुए ने बकरियां चरा रहे 10 वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। अखिल (पिता फूलसिंह) अन्य बच्चों के साथ खेत-जंगल किनारे बकरियां चरा रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने पंजे मारने के साथ बच्चे की पीठ पर दांत गड़ा दिए, जिससे उसके शरीर पर तीन जगह गंभीर चोटें आईं। बच्चों और राहगीरों के शोर मचाने पर तेंदुआ मौके से जंगल की ओर भाग गया।
घायल अखिल को तत्काल गंधवानी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे धार रेफर कर दिया। परिजन उसका धार के निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। पिता फूलसिंह के अनुसार, अब बच्चे की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान हमले वाली जगह से करीब 15-20 फीट की दूरी पर तेंदुए के तीन नवजात शावक मिले। वन विभाग ने तीनों शावकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आशंका जताई जा रही है कि शावकों की मौजूदगी के कारण मादा तेंदुआ आक्रामक हुई होगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।




