मुंबई। नवरात्रि का त्योहार आते ही गरबा और डांडिया से माहौल सजने लगता है। ऐसे में गरबा की दुनिया में अपनी खास पहचान रखने वाली गायिका फाल्गुनी पाठक एक बार फिर नई पेशकश के साथ तैयार हैं।उन्होंने इस नवरात्रि के लिए एक घंटे का लगातार चलने वाला नया गरबा तैयार किया है, जिसका नाम 'गरबा नाइट्स विद फाल्गुनी पाठक' है। इसमें गानों को इस तरह जोड़ा गया है कि एक गाना खत्म होते ही अगला गाना शुरू हो जाता है और इससे डांस का सिलसिला बिना रुके चलता रहता है।

अपने नए गरबा प्ले लिस्ट को लेकर फाल्गुनी पाठक ने कहा, "गरबा मेरे लिए हमेशा लोगों के साथ आने, जश्न मनाने और संगीत व भक्ति में पूरी तरह डूब जाने का जरिया रहा है। 'गरबा नाइट्स विद फाल्गुनी पाठक' के जरिए इस नवरात्रि के लिए एक बिल्कुल नया म्यूजिकल सफर तैयार किया गया है। मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूं कि लोग इन गानों को सुनें, गरबा करें, साथ मिलकर जश्न मनाएं और इन धुनों के साथ खूबसूरत यादें बनाएं।"

उन्होंने कहा, '''गरबा नाइट्स विद फाल्गुनी पाठक' को खास तौर पर गरबा और नवरात्रि के आयोजनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसे दोस्तों और परिवार के साथ होने वाली छोटी-बड़ी महफिलों में भी सुना जा सकता है। गानों को इस तरह रखा गया है कि म्यूजिक शुरू होने के बाद लोग एक और राउंड के लिए मैदान में उतरने से खुद को रोक न पाएं। लगातार चलने वाला यह गरबा नवरात्रि के माहौल में उत्साह बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है।"

म्यूजिक कंपनी टिप्स म्यूजिक के लिए भी यह नया गरबा कलेक्शन गरबा म्यूजिक में एक नई कड़ी जोड़ता है। इस पेशकश में कंपनी की म्यूजिकल समझ के साथ फाल्गुनी पाठक की वह आवाज शामिल है, जिसे नवरात्रि और गरबा के मौसम से खास तौर पर जोड़ा जाता है। लंबे समय से गरबा प्रेमियों के बीच लोकप्रिय फाल्गुनी की आवाज इस नए संगीत सफर का अहम हिस्सा है।