भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा चुके हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं और ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।
पटवारी ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे पर आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 28 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्ट्रेट का घेराव करने का कार्यक्रम रखा गया है।
यह भी पढि़ए: छतरपुर में बिजली विभाग पर गंभीर आरोप: :शिफ्टिंग में खंभों की गड़बड़ी से लेकर घटिया सामग्री खरीदी तक, वरिष्ठ अधिवक्ता रवि पाण्डेय ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी और मतदाता सूची की पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रहेगी। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR को लेकर सामने आए मतभेदों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि अलग-अलग राय होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।













