छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला-अजयगढ़ मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अजयगढ़ से चंदला की ओर आ रही यात्रियों से भरी बस तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से लगभग 15 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शी घायल यात्री शील कुमार के अनुसार बस तेज गति से चंदला की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
यह भी पढि़ए: डाइट टीम धार ने एफएलएन शिक्षक प्रशिक्षण एवं विद्यालयों का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर चंदला पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस व अन्य वाहनों की सहायता से चंदला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।














