धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। निपुण भारत एवं मिशन अंकुर के तहत विकासखंड स्तर पर कक्षा 1 एवं 2 पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए आयोजित एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान) प्रशिक्षण का 23 सितंबर को डाइट धार की टीम ने निरीक्षण किया। टीम में व्याख्याता प्रमोद जायसवाल, श्रीमती माधवी नागर एवं श्रीमती अस्मिता निगम शामिल रहे।
डाइट धार के व्याख्याता प्रमोद जायसवाल ने तीनों बैच के शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण कर विद्यालयों में इसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने हिंदी, गणित एवं अंग्रेजी विषयों को प्राथमिक स्तर पर बच्चों को सरल एवं रुचिकर तरीके से सिखाने तथा उनकी बुनियादी समझ मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की नींव मजबूत होने से उनका शैक्षणिक विकास बेहतर होता है।
प्रशिक्षण के दौरान जायसवाल ने अंग्रेजी भाषा सीखने में ‘एक्सपोजर’ की भूमिका भी समझाई। उन्होंने कहा कि आसपास की वस्तुओं पर अंग्रेजी में लिखे शब्दों को बच्चों को पढ़वाकर और उनके दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले शब्दों से जोड़कर अंग्रेजी सीखने को आसान बनाया जा सकता है। इसके बाद डाइट टीम ने प्राथमिक विद्यालय बखतला, संकुल केंद्र बलवारीकला, प्राथमिक विद्यालय पिपरिपुरा, संकुल केंद्र गंधवानी तथा प्राथमिक विद्यालय काबरवा, संकुल केंद्र पिपली का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं एफएलएन के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया गया। टीम ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की भी सराहना की। इस अवसर पर बीआरसी रमेशचंद्र मोलेश्वर, बीएसी एवं विकासखंड प्रशिक्षण प्रभारी श्रीमती यशोदा परमार सहित अधिकारी-कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं प्रशिक्षण कक्ष प्रभारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी प्रशिक्षण प्रभारी श्रीमती यशोदा परमार बीएसी गंधवानी ने दी।














