मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। जबलपुर के हाइवा वाहन के नंबर का क्लोन बनाकर मैहर जिले में अल्ट्राटेक के नाम से कथित तौर पर फर्जी ट्रांजिट पास (TP) काटने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक सुनील कुमार साहू को 12 सितंबर से लगातार उनके हाइवा नंबर MP20 ZM 8529 से फर्जी TP कटने के मैसेज मिल रहे थे।


जानकारी जुटाने पर पता चला कि कटनी निवासी सतीश कुमार काछी अपने हाइवा CG04 QA 9613 पर जबलपुर के वाहन का नंबर लगाकर इस्तेमाल कर रहा था। बताया गया कि फाइनेंसर से वाहन जब्त होने के डर के चलते आरोपी ने कटनी से बाहर मैहर जिले में आकर कथित तौर पर यह गतिविधि शुरू की।


मामले की जानकारी मिलने के बाद वाहन मालिक सुनील साहू मैहर पहुंचे और टोल प्लाजा तथा बदेरा थाना पुलिस की मदद से हाइवा की तलाश शुरू की। टोल प्लाजा के पास पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर बदेरा थाने में खड़ा कराया है।


बदेरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के दस्तावेज, फर्जी TP और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।