सतना, अंबिका केशरी। नगर परिषद कोठी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 स्थित पुराने छात्रावास भवन पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाते हुए परिसर को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। एसडीएम लक्ष्य राम जांगिड़ के नेतृत्व में राजस्व, नगर परिषद एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।


जानकारी के अनुसार पुराने छात्रावास भवन में लंबे समय से तीन परिवार निवास कर रहे थे और उन्होंने परिसर पर कब्जा कर रखा था। प्रशासन द्वारा संबंधित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद परिवार भवन खाली करने को तैयार नहीं हुए। प्रशासन ने कई बार नोटिस जारी कर समझाइश दी, लेकिन सकारात्मक परिणाम नहीं मिलने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।


कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले ने कब्जाधारियों को भवन से बाहर निकालकर परिसर को पूरी तरह खाली कराया। अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और कानून सम्मत तरीके से संपन्न की गई है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि पर भविष्य में मंगल भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसी परियोजना को ध्यान में रखते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है तथा निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।