दमोह/हटा, जिमी नगरिया। पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो बफरजोन अंतर्गत पाटन गांव की उदयपुरा बीट में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 एकड़ (18 हेक्टेयर) वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई मडियादो वन परिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. मिश्रा के नेतृत्व में वन अमले द्वारा की गई।
वन विभाग के अनुसार कक्ष क्रमांक 38 की वनभूमि पर लंबे समय से कृषि अतिक्रमण किया जा रहा था। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और भूमि को पुनः वन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम उठाए। कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर संग्रहित बबूल और खैर के बीजों का छिड़काव कर पुनर्वनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. मिश्रा ने बताया कि विभाग का उद्देश्य अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को फिर से हराभरा जंगल बनाना है। इसके लिए स्थानीय प्रजातियों के बीजों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से वन विकसित हो सके।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रमोद शुक्ला, रामगोपाल अहिरवार सहित वन विभाग का अन्य अमला मौजूद रहा। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




