मुंबई। दक्षिण भारतीय अभिनेता अजीत कुमार ने शुक्रवार को अपने बेटे अद्विक को सरप्राइज दिया। वह अचानक उसे स्कूल से लेने पहुंच गए। पिता को स्कूल के बाहर देखकर बेटा अपनी खुशी नहीं रोक पाया और उनसे लिपट गया। इस खूबसूरत पल की तस्वीर अभिनेता की पत्नी और निर्माता शालिनी ने सोशल मीडिया पर शेयर की।शालिनी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ''सरप्राइज स्कूल पिकअप'' तस्वीर में अद्विक अपने पिता अजीत कुमार को कसकर गले लगाते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को देखने के बाद फैंस अभिनेता की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजी शेड्यूल के बावजूद अजीत अपने परिवार और बच्चों के लिए समय निकालना नहीं भूलते।
अजीत कुमार की इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। फैंस के लिए यह पल इसलिए भी खास है, क्योंकि आमतौर पर अभिनेता अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं।
अजीत कुमार इन दिनों निर्देशक आदिक रविचंद्रन की आगामी तमिल फिल्म 'डेयर डेविल' में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग 2 नवंबर से शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि इस फिल्म को अजीत की पत्नी शालिनी अजीत कुमार अपने प्रोडक्शन हाउस ब्रेव हार्ट्स प्रोडक्शन के बैनर तले बना रही हैं।
निर्देशक आदिक रविचंद्रन ने अजीत कुमार के जन्मदिन से एक दिन पहले गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी थी। उन्होंने अभिनेता को अपना सरप्राइज बर्थडे गिफ्ट बताते हुए लिखा कि फिल्म की शूटिंग 2 नवंबर से शुरू हो गई है। निर्देशक ने इस पोस्ट के साथ फिल्म का नया पोस्टर भी शेयर किया था।
फिल्म की टेक्निकल टीम भी काफी मजबूत है। इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर तैयार कर रहे हैं। वहीं, सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अभिनंदन रामानुजम को दी गई है। वह इससे पहले आदिक रविचंद्रन की फिल्म 'गुड बैड अग्ली' में भी बतौर सिनेमैटोग्राफर काम कर चुके हैं।
फिल्म की एडिटिंग विजय वेलुकुट्टी करेंगे, जो 'गुड बैड अग्ली' का भी हिस्सा थे। एक्शन सीन की जिम्मेदारी स्टंट कोरियोग्राफर सुप्रीम सुंदर को सौंपी गई है, जबकि डांस कोरियोग्राफी कल्याण मास्टर करेंगे। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

















