अजयगढ़,मुस्तकीन अहमद। मुस्लिम समुदाय द्वारा पवित्र रमजान माह के 30 दिनों तक रोज़ा और इबादत के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार नगर में हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह बड़ी जामा मस्जिद, पलिस रोड मस्जिद, नूरानी मस्जिद और ख्वाजा गरीब नवाज मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।


नमाज के उपरांत मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद हजरत रमजान शाह बाबा की दरगाह पहुंचकर अकीदतमंदों ने हाजिरी लगाई, फातिहा पढ़ी और दुआएं मांगीं। साथ ही कब्रिस्तान जाकर मरहूमों के लिए इसाल-ए-सवाब किया गया।


ईद के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवईं का आनंद लिया और खुशियां साझा कीं। पूरे नगर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। त्योहार के दौरान प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर एवं तहसीलदार सुरेंद्र कुमार सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी लोगों से मिलकर ईद की बधाई दी।