छतरपुर, संजय अवस्थी/संतोष शिवहरे: जिले के वाहन चालकों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। वाहन चालक कल्याण एकता संगठन के बैनर तले ड्राइवर 12 नवंबर 2026 को एक दिवसीय ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ करेंगे। संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बीमा, पेंशन, ड्यूटी के निश्चित घंटे और ओवरलोडिंग पर रोक जैसी कई प्रमुख मांगें उठाई हैं।

सामाजिक सुरक्षा और बीमा-पेंशन की मांग

वाहन चालक कल्याण एकता संगठन के जिलाध्यक्ष राम कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले के ड्राइवर लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल रही है। संगठन की मुख्य मांग है कि चालकों के कल्याण, सुरक्षा, जीवन बीमा और पेंशन के लिए सरकार द्वारा एक ठोस और पारदर्शी नीति बनाई जाए, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

तय होंगे ड्यूटी के घंटे और विश्राम गृह

ड्राइवर्स का कहना है कि उन्हें बिना किसी समयावधि के लगातार लंबी ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। संगठन ने मांग की है कि चालकों की ड्यूटी के निश्चित घंटे तय किए जाएं। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में चालक और उसके परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए और जिले के प्रमुख मार्गों पर ड्राइवरों के विश्राम के लिए बुनियादी सुविधाओं से युक्त विश्राम गृहों का निर्माण किया जाए।

अनुचित चालान और ओवरलोडिंग पर रोक


सड़क पर वाहन चालकों को आए दिन प्रशासनिक प्रताड़ना और अनुचित चालान का सामना करना पड़ता है। संगठन ने मांग की है कि वाहनों पर लगने वाले बेतुके चालानों और अवैध ओवरलोडिंग पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए, जिससे आर्थिक तंगी से जूझ रहे चालकों को राहत मिल सके।

शांतिपूर्ण रहेगा आंदोलन, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी चालू

संगठन ने स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर को होने वाला यह आंदोलन पूरी तरह से अनुशासित, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, दूध और दवा सप्लाई जैसी सभी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह मुक्त और अबाध रखा जाएगा।