सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार (9 नवंबर) की रात दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई। रात में भोजन करने के बाद सो रहे एक परिवार पर उनका 50 साल पुराना कच्चा खपरैल मकान अचानक ढह गया। इस मलबे में दबने से अरुण विश्वकर्मा (36 वर्ष), उनकी मां संतुलिया (65 वर्ष) और 2 साल की मासूम बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के 5 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात में सोया पूरा परिवार मलबे में दबा; जेसीबी से चलाया गया रेस्क्यू
घायल महिला बेलामती ने बताया कि परिवार रात में घर के अंदर गहरी नींद में सो रहा था। मकान की एक दीवार पहले से फटी हुई थी और उसमें से आवाजें आ रही थीं। परिवार को अनहोनी की आशंका हुई, लेकिन वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरी कच्ची इमारत भरभराकर ढह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से जेसीबी के जरिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रात करीब 1 बजे तक मलबे से शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। एसडीएम सुरेश यादव और थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सभी घायलों को तत्काल बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाल-बाल बचा छोटा भाई; स्वीकृत था प्रधानमंत्री आवास
हादसे का शिकार हुआ मकान करीब 50 साल पुराना पुश्तैनी खपरैल मकान था, जिसमें मिट्टी की छत के ऊपर दोबारा निर्माण कर डबल रूफ बनाई गई थी। अरुण का छोटा भाई सुभाष बैढ़न में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करने गया था, जिसके चलते वह देर से लौटा और हादसे में बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, मृतक अरुण विश्वकर्मा के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान का निर्माण भी स्वीकृत था और उसका काम चल रहा था, लेकिन तब तक यह त्रासदी घटित हो गई।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक; आर्थिक सहायता की घोषणा
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हृदय विदारक दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।















