छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गौरिहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 3,000 रुपये के इनामी आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गौरिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संगीन धाराओं में अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 3,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। साथ ही थाना स्तर और साइबर सेल को आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे।


मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की तकनीकी मदद से पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन मिली। सूचना की तस्दीक होते ही एसडीओपी लवकुशनगर नितेश पटेल के कुशल मार्गदर्शन में गौरिहार थाना प्रभारी निरीक्षक आर.एन. पटेरिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए ठिकाने पर आकस्मिक दबिश देकर फरार इनामी आरोपी राहुल त्रिवेदी उर्फ छिंगा (पिता नवल त्रिवेदी), निवासी ग्राम मनुरिया को सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरिहार निरीक्षक आर.एन. पटेरिया सहित सहायक उप निरीक्षक जीवनलाल, आरक्षक अमित शर्मा, विकास सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, दीपक चौरसिया, शंकर पटेल, महेंद्र सचान, काशीराम, पवन एवं जिला साइबर सेल टीम की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही।