छतरपुर/बकस्वाहा, राजू दुबे। दमोह रोड पर राजपूत ढाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान मनमोहन लोधी (40) निवासी कुई, अमित लोधी (17) और देवेंद्र लोधी (35) निवासी केरवारा के रूप में हुई है।
हादसे के बाद तीनों घायलों को बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सीमा भूरिया ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों को निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।
ग्रामीण रामसिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि बकस्वाहा में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि सरकार एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू कर चुकी है, लेकिन स्थानीय लोगों को सामान्य एंबुलेंस के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने की समस्या पहले भी सामने आती रही है। लोगों ने प्रशासन से बकस्वाहा में पर्याप्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।




