चेन्नई। तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) ने मेकेदातु बांध परियोजना पर कर्नाटक सरकार को करारा जवाब दिया है। पार्टी के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने रविवार को कहा कि कर्नाटक सरकार का कावेरी नदी पर कोई पूर्ण अधिकार या नियंत्रण नहीं है।

दरअसल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि मेकेदातु बांध परियोजना को कोई नहीं रोक सकता। इस पर डीएमके प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कर्नाटक सरकार का कावेरी नदी पर कोई अधिकार या नियंत्रण नहीं है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने एक ट्रिब्यूनल नियुक्त किया है।"

टीकेएस एलंगोवन ने कहा, "कावेरी नदी के मामले में क्या किया जा सकता है और पानी का बंटवारा कैसे होना चाहिए, यह तय करने का अधिकार इसी ट्रिब्यूनल के पास है। इसलिए, उन्हें सुप्रीम कोर्ट और ट्रिब्यूनल के आदेशों का पालन करना होगा। सरकार को निर्माण कार्य करने के लिए ट्रिब्यूनल से अनुमति लेनी होगी।"

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के प्रस्तावित दिल्ली दौरे पर भी डीएमके प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। एलंगोवन ने कहा, "हो सकता है उन्होंने (सोनिया गांधी) ने उन्हें (जोसेफ विजय) बुलाया हो। मीडिया में किताब के बारे में काफी बातें हो रही हैं। वह किताब (बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव) अभी लॉन्च नहीं हुई है। सोनिया गांधी अपनी जिंदगी की कहानी लिख रही है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है और उनका (सीएम जोसेफ विजय) वहां जाना भी ठीक है।"

पुलिस थाने में एक लॉरी चालक के कथित तौर पर आत्महत्या करने पर उन्होंने कहा, "मैंने देखा कि दो लोगों ने पुलिस स्टेशन जाने के बाद आत्महत्या कर ली। कुड्डालोर में एक महिला शिक्षिका ने खुद को आग लगा ली। पुलिस थानों का हाल यह है कि वे लोगों की बात नहीं सुनते, न ही उनकी शिकायतें दर्ज करते हैं। और अगर कोई शिकायत दर्ज कराता भी है, तो पुलिस आरोपी के बजाय शिकायतकर्ता के खिलाफ ही कार्रवाई कर देती है। विजय की सरकार में पुलिस इसी तरह काम कर रही है।"