छतरपुर, विनोद मिश्रा। देवपुर तिगैला में फार्मर आईडी बनाने को लेकर विवाद सामने आया है। विवाद के दौरान धमची पटवारी अंकित तिवारी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पटवारी संघ के पदाधिकारी और कर्मचारी ओरछा रोड थाने पहुंचे।


जानकारी के अनुसार, फार्मर आईडी नहीं बनाए जाने को लेकर पटवारी और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद धमची सरपंच भी अपने ग्रामीण समर्थकों के साथ ओरछा रोड थाने पहुंचे। वहीं पटवारी संघ की ओर से भी मामले को लेकर थाने में शिकायत की गई।


मामले की जानकारी मिलने पर सौरा सर्कल के नायब तहसीलदार रामराजा गुप्ता भी ओरछा रोड थाने पहुंचे। थाने में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी ली। फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों और मारपीट की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।


फार्मर आईडी से जुड़े कार्य को लेकर हुए इस विवाद के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी देखने को मिली। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।