छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाजजन कंट्रोल रूम पहुंचे और सीएसपी अजय राणा के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर नाजिया इलाही खान के खिलाफ निष्पक्ष जांच एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कथित टिप्पणी से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली सामग्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी, शहर काजी, मुस्लिम समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। अंजुमन के सदर अमसाल खान ने कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो मुस्लिम समाज लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीएसपी अजय राणा को ज्ञापन सौंपा। सीएसपी ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




