टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। अनगड़ा की तलैया में रविवार को मंगल आदिवासी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंगल को देवा कुचबंदिया अपने साथ लेकर गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। घटना के बाद से देवा के फरार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों के अनुसार मंगल आदिवासी निवासी पिछोर रिश्तेदारी में टीकमगढ़ आया था। शनिवार को वह कॉम्प्लेक्स के पास था, जहां से देवा कुचबंदिया उसे अपने साथ लेकर गया। इसके बाद मंगल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों का दावा है कि शाम के समय देवा ने फोन कर कहा कि, “अपने आदमी को बचा सके तो बचा ले, डूब रहा है।” हालांकि उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि मंगल कहां है।
रविवार को अनगड़ा की तलैया में मंगल का शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए देवा की भूमिका की जांच और कथित लूट व मारपीट के घटनाक्रम की भी जांच की मांग की है।
लूट के मामले में कार्रवाई पर उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल शनिवार को सामने आए कथित लूट और मारपीट के घटनाक्रम को लेकर है। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई होती और संबंधित आरोपियों को समय रहते हिरासत में लिया जाता, तो क्या मंगल के साथ हुई घटना को रोका जा सकता था? मंगल की मौत के बाद कोतवाली पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच में होना बाकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मंगल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तलैया तक कैसे पहुंचा।
हर पहलू की होगी जांच : एसडीओपी
एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची है और एफएसएल टीम द्वारा जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। मंगल के देवा के साथ होने और पैसों के विवाद से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जाएगी। परिजनों ने मंगल के देवा के साथ होने की बात कही है, लेकिन वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगल की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। वहीं, घटना के बाद से देवा के फरार होने की बात सामने आने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं




