लवकुशनगर (छतरपुर)। थाना लवकुशनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुधौरा में शुक्रवार को एक खेत में 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त गुधौरा निवासी खलक सिंह पिता देवी सिंह (32) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से घर से लापता था।
परिजनों के अनुसार युवक दो दिन पूर्व मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा, जिसकी गुमशुदगी की सूचना बीते रोज लवकुशनगर थाने में दर्ज कराई गई थी। उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर युवक के बीमार होने की जानकारी भी सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा; फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से मामले की सघन जांच की जा रही है।














