छतरपुर, संदीप यादव। सिविल लाइन थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹74,200 नकद बरामद किए हैं, जबकि ₹5,800 की राशि बैंक खाते में होल्ड कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बगौता निवासी भगवान चरण सोनी ने बैंक खाते से राशि ट्रांसफर होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ये भी पढ़ें




जांच के दौरान बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी ने फरियादी के एंड्रॉयड फोन में यूपीआई ऐप डाउनलोड कर एटीएम की जानकारी दर्ज की और धोखाधड़ी से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। जांच में आरोपी फरियादी का परिचित निकला।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए टोरिया मोहल्ला, महोबा रोड स्थित कन्या छात्रावास के पास रहने वाले आरोपी परशु बुनकर पिता नत्थू बुनकर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ₹74,200 नकद जब्त किए गए और खाते में होल्ड ₹5,800 की राशि को फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक दीपक यादव, प्रधान आरक्षक विक्रम रेले, प्र.आर. रूपेश, आरक्षक अनिल यादव, आरक्षक जगमोहित सिंह और साइबर टीम के आरक्षक मयंक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















