छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरान में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। धसान नदी के किनारे मछली पकड़ने गए 43 वर्षीय एक युवक के हाथ में अचानक डायनामाइट फटने से जबरदस्त विस्फोट हो गया। इस भयावह हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और विस्फोट की तीव्रता के चलते उसके दाएं हाथ का पंजा उड़कर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद नदी किनारे और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें




मछली मारने के लिए डायनामाइट फेंकने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरान निवासी ग्यासी बंशल पिता कल्ला बंशल (43 वर्ष) शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे धसान नदी के किनारे मछली पकड़ने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि ग्यासी नदी किनारे बैठकर मछली मारने के उद्देश्य से पानी में डायनामाइट फेंकने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोटक उनके हाथ में ही फट गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और ग्यासी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
दाएं हाथ का पंजा उड़ा, नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर
इस जबरदस्त विस्फोट में ग्यासी बंशल के दाएं हाथ का पंजा बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर शरीर से अलग हो गया, वहीं उनके दूसरे हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए गुलगंज अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद उनकी अत्यधिक नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में घायल ग्यासी का सघन उपचार जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
















