छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के चलते शनिवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव के दौरान धाम परिसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरी तरह गुलजार नजर आया। जहां तक नजर गई, वहां भक्तों का जनसैलाब उमड़ा दिखाई दिया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए।


धाम में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर रहे हैं। इसके साथ ही दिव्य दरबार का आयोजन भी निरंतर जारी है, जहां पूज्य सरकार द्वारा सैकड़ों श्रद्धालुओं को बागेश्वर बालाजी का गुरु मंत्र प्रदान किया जा रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इन धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं।


धाम परिसर स्थित अन्नपूर्णा भंडारा, बागेश्वर बालाजी मंदिर, परिक्रमा मार्ग, दिव्य दरबार स्थल तथा प्रमुख मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक एवं प्रशासन लगातार सक्रिय दिखाई दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


30 जुलाई तक चलने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बागेश्वर धाम पहुंचने की संभावना है, जिससे महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।