इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के सराफा थाना क्षेत्र स्थित सराफा चौपाटी में देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खाने-पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान युवकों ने एक-दूसरे पर कुर्सियों से हमला कर दिया, जिससे चौपाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, हाथ धोने के दौरान पानी के छींटे उड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान कुर्सियां फेंकी गईं और एक-दूसरे पर हमला किया गया।


घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते और मारपीट करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।


घटना की सूचना मिलते ही सराफा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल छह युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट एवं शांति भंग करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।