छतरपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार रात छतरपुर पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। मंगलवार सुबह कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी एवं अन्य विस्थापित परिवारों के समर्थन में पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
उमंग सिंघार ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित लोगों का संघर्ष केवल जमीन का नहीं, बल्कि उनके अधिकार, सम्मान और अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस संघर्ष में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि छतरपुर प्रवास के दौरान वे परियोजना प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और न्यायपूर्ण मुआवजा, सम्मानजनक पुनर्वास तथा सभी वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे। सिंघार ने भरोसा दिलाया कि जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस उनकी लड़ाई हर मंच पर लड़ती रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गगन यादव, पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी, नीरज दीक्षित, टीकमगढ़ लोकसभा प्रत्याशी रहीं किरण अहिरवार सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




