अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के अमरपाटन में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। पूर्व मंत्री एवं अमरपाटन विधायक के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे तथा मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इससे पहले अमरपाटन के एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने क्षेत्र में लंबे समय से जले पड़े बिजली ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं का निराकरण करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान ट्रांसफार्मरों के खराब रहने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं खाद की कमी के कारण किसान परेशान हैं और समय पर खेती का कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और किसानों की अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द ही किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।




