इंदौर, रविकांत वर्मा। चंदन नगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे भू-माफिया जफर पिता मोहम्मद हनीफ को महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिरपुर कांकड़ और महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में प्लॉट और जमीन की हेराफेरी, धोखाधड़ी तथा अवैध लेन-देन से जुड़े मामले दर्ज हैं।


आरोप है कि जफर ने जमीन और प्लॉट दिलाने के नाम पर कई लोगों को झांसे में लेकर उनसे मोटी रकम ली। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में जमीन संबंधी धोखाधड़ी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है और कुछ अन्य पीड़ित सामने आ सकते हैं।


वहीं, एक पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय से जमीन के मामले में टालमटोल किया जा रहा था और बाद में कथित तौर पर फर्जी नोटरी बनाकर दे दी गई। पीड़ित का आरोप है कि जफर खान, उसके साले अज्जू खान और जफर के भाइयों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।


फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े मामलों और लेन-देन की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।