इंदौर, रविकांत वर्मा। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता युवक का शव पानी की टंकी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। टंकी के आसपास तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने टंकी की जांच की तो उसके अंदर युवक का शव मिला।
मृतक की पहचान पप्पू मालवीय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पप्पू पिछले छह दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने नगर निगम कर्मचारियों की मदद से शव को टंकी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर टंकी और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किसी हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ यह भी पता लगा रही है कि पप्पू को आखिरी बार कब और कहां देखा गया था। मामले से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




