नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर से हमले तेज हो गए हैं। ईरान अमेरिका के हमलों के जवाब में खाड़ी देशों में अमेरिकी बेसों को निशाना बना रहा है। इस बीच, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच हमले जल्द से जल्द रुकने और होर्मुज स्ट्रेट के खुला रहने की उम्मीद जताई है।कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, "यह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध फिर से शुरू हो गया है। इसका अधिक नकारात्मक प्रभाव एशिया की जो अर्थव्यवस्था है उन पर पड़ता है। कच्चे तेल की कीमत फिर आसमान छूना शुरू करेगी। हमें उम्मीद है कि युद्ध जल्द ही समाप्त होगा और होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुलना चाहिए, ताकि जो नकारात्मक प्रभाव दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है, उस पर अंकुश लगेगा।"
वहीं, सतलुज फिल्म को लेकर जारी विवाद पर कांग्रेस नेता ने कहा, "बुनियादी बात ये है कि जिन्होंने 1980 से 1995 तक पंजाब का काला दौर देखा है, वो नहीं चाहते कि ये दौर फिर से वापस आए। पंजाब अगर उस समय भी बचा था, जो हिंदू सिख एकता है। पंजाब पर जो लोग प्रतिक्रिया देते हैं, उन्हें इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि कोई भी ऐसा बयान नहीं दिया जाना चाहिए, जिससे सामाजिक एकता कमजोर हो।"
अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा कि अमेरिका ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को ईरान के खिलाफ हमलों का एक और दौर शुरू किया। कमांड ने कहा, "अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कमांडर इन चीफ के निर्देश पर ईरान के खिलाफ लगातार तीसरी रात हमले शुरू किए।"
अमेरिकी मीडिया सीएनएन ने एक यूएस अधिकारी के हवाले से बताया कि यूएस, कोस्टल सर्विलांस सिस्टम, ड्रोन और मिसाइल क्षमताओं सहित ईरानी मिलिट्री एसेट्स को टारगेट कर रहा था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में कहा, "हम आज रात उन पर बहुत जोरदार हमला करेंगे और कल भी हम उन पर जोरदार हमला करेंगे।" इस बीच ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान पर सैन्य समझौता तोड़ने और रणनीतिक समुद्री मार्ग में ड्रोन भेजना जारी रखने का आरोप लगाने के बाद अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल कर लेगा और हमेशा के लिए इसकी सुरक्षा की निगरानी कर सकता है।
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "हम स्ट्रेट पर कब्जा कर रहे हैं। उनके पास कुछ भी नहीं है।"
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने रातभर ईरानी सैन्य एसेट्स पर हमला किया और किसी भी नई ड्रोन गतिविधि का जोरदार जवाब देना जारी रखेगा।




