टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। देहात थाना क्षेत्र के मवई गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कथित रूप से क्षतिग्रस्त करने के प्रयास के मामले में 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस ने पुलिस-प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ गंभीर मामला है। पुलिस को आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे में उनकी प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
किरण अहिरवार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में नफरत का माहौल बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और उसके मूल्यों की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।




