भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में मास्टर प्लान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिन शहरों का मास्टर प्लान अभी तक नहीं आया है, सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। संबंधित विभागों को मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान का मामला काफी संवेदनशील है और सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जो निर्देश देगा, सरकार उसी के अनुसार आगे बढ़ेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मास्टर प्लान के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस की सरकार के समय इस दिशा में कुछ नहीं किया गया और अब होने वाली कार्रवाई का झूठा श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। जनता सब जानती है।
सागर जहरीली शराब मामले पर बोले सीएम
सागर के जहरीली शराब मामले में आरोपी के शॉर्ट एनकाउंटर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर में पुलिस और प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर हुआ है। यह कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार इस विकास यात्रा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ साथ है।




