सागर, त्रिवेन्द्र जाट। अंबेडकर वार्ड के धरमपुरा क्षेत्र में श्री वक्रतुंड बाल गणेश समिति द्वारा इस वर्ष भी भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। करीब 13 वर्षों से समिति द्वारा गणेश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष छाता लगाए हुए बाल गणेश की आकर्षक प्रतिमा विशेष झांकी के साथ सजाई गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दस दिवसीय उत्सव के दौरान रामायण पाठ, सुंदरकांड, बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य प्रतियोगिता, महाआरती, छप्पन भोग और विशाल भंडारे सहित विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। समिति अध्यक्ष कार्तिक जाट ने बताया कि हर वर्ष अलग-अलग थीम पर झांकियां सजाई जाती हैं। गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर रहे हैं। समिति सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।