मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। बलराम कृषि महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से मैहर जिले के किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों से उन्नत कृषि, आधुनिक तकनीकों और खेती में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी लेते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री से संवाद कर अपने कृषि अनुभव साझा किए। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों और युवाओं ने कृषि से जुड़ी योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मैहर के बेरमा क्षेत्र में सब्जियों के बेहतर उत्पादन और किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही फ्रूट प्रोसेसिंग एवं कोल्ड स्टोरेज यूनिट स्थापित की जाएगी। वहीं, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में ही रहेगी और इसे किसी अन्य जिले में शिफ्ट नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जिलेभर से आए किसान, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




