छतरपुर, संतोष शिवहरे, रोहित पाठक। भगवान बलराम जयंती के अवसर पर सटई रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में किसान हितैषी बलराम कृषि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और प्रदेश के किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी, फसलों, कृषि कार्यों और उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने किसानों के अनुभवों पर चर्चा करते हुए कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उन्नत, प्रगतिशील और नवाचारी किसानों ने सहभागिता की।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी खेती से जोडऩा रहा। इस दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग, उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा आय में वृद्धि के लिए प्रेरित किया गया।
राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर संपूर्ण प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। आज छतरपुर में भी बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने स्वयं वर्चुअल तरीके से किसानों को संबेाधित किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर बात भी की। हमारा प्रदेश का किसान आगे बढ़ रहा है, प्रदेश कृषि के क्षेत्र में लगातार उन्नति कर रहा है। नए नवाचार के माध्यम से किसानों को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी, कर्मचारी किसानों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी भी लगाई गई है जिससे किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
सहायक संचालक उद्यान, छतरपुर ने बताया कि बदलते कृषि परिवेश में किसानों के लिए नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। महोत्सव में किसानों ने आधुनिक खेती और कृषि नवाचारों में रुचि दिखाई तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाकर आर्थिक स्थिति मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक अरविंद पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष, बलराम कृषि महोत्सव प्रभारी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




