छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में सिद्धेश्वर मंदिर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बारात में शामिल दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
यह हादसा उस समय हुआ जब बारात टीकमगढ़ के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र से बांदा जिले की ओर जा रही थी। सभी घायलों को तुरंत नौगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से चार की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों का आरोप है कि ड्राइवर शराब के नशे में धुत था और उसे झपकी आने की वजह से यह भयावह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




