छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम ढडारी में एक विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रोशनी तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


परिजनों के अनुसार, रोशनी तिवारी का विवाह वर्ष 2019 में अरविंद तिवारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के छह वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें संतान सुख प्राप्त नहीं हुआ था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव और चिंता में रहती थीं। मृतका की बहन मुन्नी तिवारी ने बताया कि दोनों बहनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी और संतान नहीं होने के कारण रोशनी अक्सर परेशान रहती थीं। परिवार ने उनका कई बार चिकित्सकीय उपचार भी कराया, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला।


पति अरविंद तिवारी ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे और रोशनी अकेली थीं। दोपहर करीब 2 बजे उन्हें सूचना मिली कि रोशनी ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और रोशनी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।