इंदौर, रविकांत वर्मा। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एविएशन सेक्टर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक और दो युवतियों से कुल 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्लू मून एविएशन एकेडमी के संचालक ने नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से 5 लाख और दो युवतियों से 3-3 लाख रुपए लिए, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई।


पुलिस के मुताबिक भोलाराम उस्ताद मार्ग निवासी सौरभ ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है। सौरभ एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी के लिए अकादमी पहुंचा था। संचालक अमित कुमार सिन्हा ने पहले मुंबई में इंटरव्यू के लिए 2 लाख रुपए मांगे और बाद में दिल्ली बुलाकर बिना इंटरव्यू सीधे जॉइनिंग कराने के नाम पर 3 लाख रुपए और लिए।


काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर सौरभ ने दोबारा संपर्क किया। इसी दौरान दो युवतियों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर 3-3 लाख रुपए लिए जाने की बात सामने आई। इस तरह तीन लोगों से कुल 11 लाख रुपए लिए गए।


शिकायत के आधार पर भंवरकुआ पुलिस ने अकादमी संचालक अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब रुपए के लेन-देन और नौकरी दिलाने के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है।