भोपाल, जीतेन्द्र यादव। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और विभिन्न मामलों के निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी।


टेक होम राशन (टीएचआर) व्यवस्था की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपे जाने के फैसले पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि यह निर्णय बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और पूरी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां सुधार की आवश्यकता होती है, वहां बदलाव भी जरूरी होता है। नई व्यवस्था को महिला एवं बाल विकास विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ सुचारू रूप से संचालित करेगा, ताकि पात्र हितग्राहियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।


वहीं, राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस लिए जाने के सवाल पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि इस विषय पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि विभागों का आवंटन और उनमें बदलाव करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।