नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव डॉ. एम. साई कुमार (आईएएस, तमिलनाडु कैडर, 1990 बैच) के सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के तहत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी किया।

जारी आदेश के अनुसार, केंद्र सरकार ने तमिलनाडु सरकार के 3 जून 2026 के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए डॉ. एम. साई कुमार को 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक, यानी छह महीने का सेवा विस्तार प्रदान किया है।

यह सेवा विस्तार अखिल भारतीय सेवाएं (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियम, 1958 के नियम 16(1) के तहत मंजूर किया गया है।

इस संबंध में जारी पत्र दिनांक 15 जुलाई 2026 को भारत सरकार के अवर सचिव राजेश कुमार यादव ने तमिलनाडु सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (लोक विभाग) को संबोधित करते हुए जारी किया।

पत्र में कहा गया है कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के प्रस्ताव के आधार पर डॉ. एम. साई कुमार के सेवा विस्तार को औपचारिक स्वीकृति प्रदान करती है। आदेश की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, तमिलनाडु के मुख्य सचिव तथा नई दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन के प्रधान रेजिडेंट आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

डॉ. एम. साई कुमार तमिलनाडु कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में राज्य के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद वह निर्धारित सेवानिवृत्ति तिथि के बाद भी 28 फरवरी 2027 तक अपने पद पर बने रहेंगे।