सागर/बंडा। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब कांड के आरोपियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को प्रशासनिक अमले ने मामले में आरोपी बनाए गए सिद्धार्थ कुशवाहा के हाईवे किनारे स्थित पाथवे रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया। प्रशासन के अनुसार रेस्टोरेंट की बाउंड्री और गेट का कुछ हिस्सा अतिक्रमण की जद में था, जिसे मशीनरी की मदद से हटा दिया गया।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के सागर दौरे के दौरान अधिकारियों को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पाथवे रेस्टोरेंट के अलावा हाईवे किनारे संचालित अन्य होटल और ढाबों पर भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन की टीम ने होटल सत्यम और मुनमुन ढाबे पर भी पहुंचकर चिह्नित अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। हाईवे किनारे अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
गौरतलब है कि बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 30 से अधिक लोगों की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी चंदभान उर्फ चंदू राजा राजपूत को गिरफ्तार किया था। वहीं, 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश करने पर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपी मनीष लोधी के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
सिद्धार्थ कुशवाहा के रेस्टोरेंट पर हुई यह कार्रवाई शराब कांड के बाद आरोपियों और अन्य स्थानों पर प्रशासन की जारी सख्ती के बीच हुई है। हालांकि प्रशासन ने कार्रवाई का आधार अवैध अतिक्रमण बताया है।




