भोपाल, जीतेन्द्र यादव। रेलवे में टिकट चेकिंग के दौरान पारदर्शिता लाने और यात्रियों तथा रेलकर्मियों के बीच अक्सर होने वाले विवादों की निष्पक्ष जांच के लिए भोपाल रेल मंडल ने एक बड़ा कदम उठाया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने अपने टिकट चेकिंग स्टाफ और बुकिंग व रिजर्वेशन काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों के लिए 56 बॉडी वियरिंग कैमरों का ऑर्डर जारी किया है। इन कैमरों की मदद से चेकिंग के दौरान होने वाले पूरे घटनाक्रम और बातचीत की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग हो सकेगी, जिससे किसी भी शिकायत की स्थिति में सही तथ्यों का पता लगाया जा सकेगा।

दो साल के इंतजार के बाद शुरू हुई प्रक्रिया, भोपाल एक्सप्रेस, रीवांचल और वंदे भारत में पहले होगा इस्तेमाल

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि पिछले दो वर्षों से मंडल में टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए बॉडी वियरिंग कैमरों की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब इसकी खरीदी का ऑर्डर दे दिया गया है और अगले दो से तीन महीनों के भीतर इन्हें लागू करने की तैयारी है। शुरुआत में भोपाल एक्सप्रेस, रीवांचल एक्सप्रेस और वंदे भारत जैसी प्रमुख ट्रेनों में तैनात चेकिंग स्टाफ को इन कैमरों से लैस किया जाएगा, जिसके बाद धीरे-धीरे अन्य ट्रेनों में भी इसका विस्तार होगा।