बक्सवाहा, राजू दुबे। थाना क्षेत्र के ग्राम तेरियामार में खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी बट्टदेव प्रसाद यादव (67) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 10 जुलाई को आरोपी उनके खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में बट्टदेव प्रसाद यादव, उनके पुत्र भानु यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
घायलों को तत्काल बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भानु यादव को जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेज दिया।
पुलिस ने मामले में नारायण यादव, शिवलाल यादव, सुभाष यादव, राजू यादव, सुखनंदन यादव एवं किशोरीलाल यादव के विरुद्ध मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




