छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के दौरिया गांव में आषाढ़ पूजा के दौरान बकरे की बलि को लेकर पाल और कुशवाहा समाज के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना उस समय हुई जब परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद पाल समाज के लोग बकरे की बलि देकर भोजन करने के उपरांत अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हुई मारपीट में बदल गई।
इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। पाल समाज की ओर से रविंद्र पाल, कृपाराम पाल, बृजकिशोर पाल, जय हिंद पाल, ज्ञाचंद्र, महेश और गिरजा पाल घायल हुए हैं। वहीं कुशवाहा समाज की ओर से बलराम कुशवाहा, करण, बछीराम, सूजी, कमांडो तथा एक महिला को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि इस वर्ष पूजा आयोजन में कुशवाहा समाज को शामिल नहीं किए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




